जिला अमरोहा के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक से जुड़ा एक मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के सात लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी रईस अहमद की पुत्री रुखसाना का निकाह करीब सात वर्ष पूर्व नौगांवा सादात के मोहल्ला अली नगर निवासी खालिद से हुआ था। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि विवाह के समय उन्होंने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार दहेज दिया था, इसके बावजूद भी रुखसाना के ससुराल पक्ष वाले अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। रुखसाना का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसे कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे। इसके साथ ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा।
शिकायत के मुताबिक 7 सितंबर 2026 की सुबह करीब आठ बजे रुखसाना के देवर इमरान ने उसके गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर थप्पड़ मार दिया। पीड़िता का कहना है कि विवाद बढ़ने पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की। इस घटना के कुछ देर बाद उसका पति खालिद भी घर पहुँच गया। आरोप है कि उसने भी रुखसाना के साथ मारपीट की और तीन तलाक बोलकर वैवाहिक संबंध समाप्त कर दिया। रुखसाना ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि उसके साथ पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। उसने बताया कि वर्ष 2021 में 24 अगस्त को महिला आयोग, दिल्ली में भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले को लेकर सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति खालिद समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह मामला फिलहाल पुलिस जांच के अधीन है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच पूरी होने तक नहीं हुई है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के अनुसार की जाएगी।
