चन्दौसी नगर में होने वाले प्रसिद्ध गणेश चौथ मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गणेश चौथ मेला इस बार 12 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। वहीं 14 सितंबर को भव्य रथयात्रा प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मेला क्षेत्र के साथ-साथ रथयात्रा मार्ग का भी निरीक्षण किया और तैयारियों की स्थिति देखी।
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए अग्निशमन, विद्युत और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जरूरी इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने खास तौर पर मेला क्षेत्र के निकास द्वारों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने कहा कि भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए निकास मार्ग भी स्पष्ट और व्यवस्थित रखे जाएं।
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने मेला परिसर में स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा, ताकि किसी भी जरूरत के समय श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल सके। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों से नियमित सफाई व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने 14 सितंबर को निकलने वाली रथयात्रा में शामिल होने वाली झांकियों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने रथयात्रा के प्रस्तावित मार्ग और आसपास की व्यवस्थाओं को भी देखा। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि मेले और रथयात्रा के दौरान विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी जरूरी व्यवस्थाएं आयोजन से पहले पूरी कर ली जाएं।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी चन्दौसी आशुतोष तिवारी, क्षेत्राधिकारी चन्दौसी, सीएचसी के एमओआईसी डॉ. हरविंदर सिंह सहित मेला कमेटी के सदस्य मनोज गुप्ता मीनू, प्रजीत लालू, शशिकांत, ललित किशोर, प्रभात कृष्णा, शेखर वार्ष्णेय, विनय सर्राफ, शुभम अग्रवाल, रविंद्र कुमार रूपी, डॉ. राजीव समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
