संभल न्यूज़। लंबित मांगों के समाधान को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी विकास चंद्र को ज्ञापन सौंपा। लेखपालों ने शासन और राजस्व परिषद स्तर पर मांगों का समाधान नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। संघ का कहना है कि लेखपाल संवर्ग पिछले कई वर्षों से अपनी मांगों को लेकर शासन स्तर पर आवाज उठा रहा है।
ज्ञापन में लेखपालों ने प्रारंभिक वेतनमान में सुधार और वेतन विसंगति दूर करने, अंतरमंडलीय स्थानांतरण, पदोन्नति सूची जारी करने, भत्तों में वृद्धि तथा नवनियुक्त लेखपालों का परीक्षा परिणाम घोषित कर स्थायीकरण करने की मांग की। इसके अलावा परिषदादेश के बावजूद पटल सहायक और प्रभारी राजस्व निरीक्षक के कार्यों से लेखपालों को अवमुक्त नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई गई।
लेखपाल संघ ने लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने तथा ग्राम सचिवालयों में पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और भत्ता उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि लेखपाल राजस्व कार्यों के साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और आपदा सहित अन्य जरूरी कार्यों में भी जिम्मेदारी निभाते हैं।
ज्ञापन के मुताबिक, 22 सितंबर से प्रदेशभर में लेखपाल अतिरिक्त हल्कों का बहिष्कार कर रहे हैं। अब आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। 3 अक्टूबर को संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक धरना दिया जाएगा। 8 अक्टूबर को विभिन्न ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार और 10 अक्टूबर को काली पट्टी बांधकर थाना दिवस में कार्य किया जाएगा।
12 अक्टूबर को रक्तदान शिविर और 14 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर मोटरसाइकिल रैली निकालकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम है। 17 से 23 अक्टूबर तक तहसील मुख्यालयों पर पूर्ण कार्य बहिष्कार के साथ धरना दिया जाएगा। इसके बाद 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन पूर्ण कार्य बहिष्कार कर जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।
एक बढ़िया सा टाइटल लिखिए.
