मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - जलभराव के बीच भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान, मलबे में दबकर महिला की मौत - NEWS UP BHARAT

Breaking

Thursday, 10 September 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - जलभराव के बीच भरभराकर गिरा तीन मंजिला मकान, मलबे में दबकर महिला की मौत

moradabad-uttar-pradesh-jalbharav-ke-beech-bharbharakar-gira-teen-manjila-makan-malbe-mein-dabkar-mahila-ki-maut
मुरादाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के अका भीखनपुर गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय घर में मौजूद 42 वर्षीय महिला मलबे में दब गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। बताया गया कि अका भीखनपुर निवासी कासिम मिस्त्री का काम करते हैं। घटना के वक्त कासिम और परिवार के अन्य सदस्य किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी गुलाबो उर्फ ओलेबा खातून घर में अकेली थीं। इसी दौरान अचानक तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर पड़ा और महिला मलबे में दब गई।

मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल भोजपुर थाना पुलिस को सूचना दी और महिला को निकालने के लिए राहत कार्य शुरू कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर मलबा हटाया और काफी प्रयास के बाद गुलाबो को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, जिस इलाके में मकान बना हुआ था, वह डूब क्षेत्र में आता है। मकान के तीन तरफ लंबे समय से पानी भरा हुआ था। लगातार बारिश के चलते गांव और आसपास के बाहरी इलाकों में करीब एक महीने से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने के कारण क्षेत्र में बने कई मकानों की नींव प्रभावित हो रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि जलभराव के चलते कासिम के मकान की बुनियाद कमजोर हुई होगी और इसी वजह से पूरा तीन मंजिला भवन अचानक ढह गया।

घटना की जानकारी मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी। फिलहाल मकान गिरने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। जलभराव को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

महिला की मौत की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासनिक स्तर पर भी हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।


पाठक संख्या ....