जिला बदायूँ की अलापुर थाना पुलिस ने कल मंगलवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गौकशी के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। आरोपी द्वारा की गयी गोलीबारी में एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार गांव गौरामई निवासी तनहीर गत 7 सितम्बर को हुए एक गौकशी के मामले मे वांछित था। अलापुर पुलिस मुकदमा दर्ज होने के बाद से उसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तनहीर ककराला-उसहैत मार्ग पर एक ईंट भट्ठे से करीब 250 मीटर की दूरी पर मौजूद है और किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है।
सूचना के आधार पर अलापुर पुलिस ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल शिववीर सिंह के दाहिने हाथ में लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी तनहीर के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, तीन खोखे, चार जिंदा कारतूस, एक छुरी और रस्सी बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर की रात उसने अपने साथी जुम्मन और अपने भाई के साथ गौरामई के जंगल से एक लावारिस बछड़े को पकड़कर मार दिया था।
सीओ दातागंज अशेष नाथ सिंह के मुताबिक तनहीर के खिलाफ अलापुर और उसहैत थानों में चोरी समेत तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग को लेकर भी अलग से कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब मामले में आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं और उसके संभावित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अस्पताल से उपचार पूरा होने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच में जुटी है।
