जिला रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र से एक युवक द्वारा फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। बताया गया कि युवक राज मिस्त्री का काम करता था। परिजनों के अनुसार युवक का कुछ समय से अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह परेशान था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव शिकारगाह निवासी गुरुदेव सिंह के 3 पुत्र है। मृतक नितिन इन तीन पुत्रो मे दूसरे नंबर का था और राज मिस्त्री का काम करता था। नितिन का अपनी पत्नी के साथ कुछ विवाद चल रहा था। नितिन के चाचा मनोज कुमार ने बताया कि करीब आठ-दस दिन पहले नितिन अपनी पत्नी को घर वापस लाने के लिए ससुराल गया था। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
आज बुधवार सुबह नितिन का शव घर मे ही दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिलने पर परिजनो मे हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नितिन की मौत की सूचना मिलने के बाद उसकी पत्नी भी मौके पर पहुंची। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। नितिन अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। दोनों बच्चों की उम्र करीब पांच और तीन वर्ष बताई गई है। उसका बड़ा भाई पुलिस विभाग में नौकरी करता है, जबकि छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
