बिजनौर/उत्तर प्रदेश - खेत पर गयी महिला बनी गुलदार का शिकार, गर्दन से पकड़ उतारा मौत के घाट - NEWS UP BHARAT

Breaking

Thursday, 10 September 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - खेत पर गयी महिला बनी गुलदार का शिकार, गर्दन से पकड़ उतारा मौत के घाट

bijnor-uttar-pradesh-khet-par-gayi-mahila-bani-guldar-ka-shikar-gardan-se-pakad-utara-maut-ke-ghat

आज गुरुवार सुबह किरतपुर थाना क्षेत्र में गुलदार के हमले से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला खेत की ओर गई थी, तभी गुलदार ने पीछे से हमला कर उसे गर्दन से दबोच लिया और गन्ने के खेत में खींच ले गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।


जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव  गांव राजा रामपुर फाजिल उर्फ आल्लोपुर की निवासी बबीता आयु 40 वर्ष पुत्री स्वर्गीय ओमप्रकाश गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर के पास स्थित खेत की तरफ गई थी। इसी दौरान गन्ने के खेत के पास घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। गुलदार महिला को गर्दन से पकड़कर खेत के भीतर ले गया।


घटना के करीब आधे घंटे बाद बबीता के चचेरे भाई दीपक कुमार ने घर के नजदीक खेत में खून के निशान देखे। इसी बीच उसे गुलदार के गुर्राने की आवाज सुनाई दी। आशंका होने पर उसने परिवार और ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर खेत में पहुंचे और शोर मचाकर गुलदार को वहां से भगाया। ग्रामीणों ने गन्ने के खेत में तलाश कर बबीता को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया गया कि गुलदार ने उसकी गर्दन पर गंभीर हमला किया था।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नजीबाबाद एसडीएम शैलेंद्र कुमार, सीओ सुनील कुमार और वन क्षेत्राधिकारी रामकुमार समेत अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया है।


महिला की मौत के बाद वन विभाग ने गुलदार की तलाश तेज कर दी है। उसे पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरे लगाए जा रहे हैं, जबकि ड्रोन के माध्यम से आसपास के खेतों और गन्ने के इलाकों में निगरानी की जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अकेले खेतों में न जाने तथा गुलदार दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।


परिजनों के अनुसार बबीता के पिता ओमप्रकाश का पहले ही निधन हो चुका है। उसके तीन भाई रूपेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह और हिमाचल सिंह हैं, जो खेती का काम करते हैं। बबीता अपने भाइयों के साथ ही रहती थी और उसकी शादी नहीं हुई थी। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से भी जूझ रही थी।


क्षेत्र में गुलदार के हमलों की बढ़ती घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


वन क्षेत्राधिकारी रामकुमार ने बताया कि गांव में गुलदार के हमले में महिला की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। गुलदार की तलाश के लिए ड्रोन से निगरानी की जा रही है और पिंजरे लगाए गए हैं। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पाठक संख्या ....