संभल/उत्तर प्रदेश - जिला अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों दिया धरना, 2-3 महीने से वेतन न मिलने का आरोप - NEWS UP BHARAT

Breaking

Tuesday, 8 September 2026

संभल/उत्तर प्रदेश - जिला अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों दिया धरना, 2-3 महीने से वेतन न मिलने का आरोप

/sambhal-uttar-pradesh-jila-asptal-outsource-karmchari-dharna-2-3-mahine-se-vetan-nahi

जिला अस्पताल संभल में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने आज मंगलवार को वेतन और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले दो-तीन महीनों से नियमित वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने समय पर वेतन भुगतान के साथ-साथ पीएफ, ईएसआई, आयुष्मान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।


धरने पर बैठे कर्मचारी आयुष भंडारी ने बताया कि उनका मासिक वेतन महज छह हजार रुपये है। इतनी कम आय में भी यदि समय पर भुगतान न हो तो परिवार का खर्च चलाना बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो-तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है। उनके मुताबिक, रक्षाबंधन से एक दिन पहले रात करीब 10:30 बजे सिर्फ तीन हजार रुपये का भुगतान किया गया था। कर्मचारियों का कहना है कि वे सीमित वेतन में परिवार का खर्च चलाने के साथ बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। कई कर्मचारियों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। आर्थिक तंगी के चलते उन्हें दुकानदारों से उधार लेकर घर का खर्च चलाना पड़ रहा है और यह कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है।


आउटसोर्स कर्मचारियों ने पीएफ को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि वेतन से पीएफ की कटौती की जाती है, लेकिन सितंबर 2025 से पीएफ की रकम उनके खातों में जमा नहीं हुई है। कर्मचारियों ने संबंधित व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करते हुए रुकी हुई पीएफ राशि जल्द खातों में जमा कराने की मांग की।


कर्मचारियों ने ईएसआई और आयुष्मान जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिलने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि नौकरी के दौरान मिलने वाली जरूरी सुविधाओं से उन्हें वंचित रखा जा रहा है। इसके अलावा यूनिफॉर्म और सफाई कार्य के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाने की बात भी कर्मचारियों ने कही।


धरना दे रहे कर्मचारियों ने मांग की कि वेतन का भुगतान हर महीने समय पर किया जाए, पीएफ की लंबित राशि खातों में जमा कराई जाए और ईएसआई व आयुष्मान समेत अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। धरने में सचिन, अंकुर, विनोद, स्वाति, अरुण, शिव कुमार, रिषभ, अमन कुमार, राजन, निशु, शिशुवाला, पुलकित, रामानंद, अमन राजौरिया, सोनम, प्रीति और सुनीता समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।


पाठक संख्या ....