संभल /असमोली के भादों मेले में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से श्रद्धालु की मौत - NEWS UP BHARAT

Breaking

Sunday, 13 September 2026

संभल /असमोली के भादों मेले में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से श्रद्धालु की मौत

संभल/असमोली। (न्यूज़ यूपी संवाददाता)असमोली क्षेत्र के प्रसिद्ध बूढ़े बाबा मंदिर परिसर में चल रहे भादों मेले के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुरादाबाद से मेले में आए 42 वर्षीय श्रद्धालु की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में मेला कमेटी की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी दिनेश (42) अपने परिवार के साथ भादों मेले में आए थे। बताया गया कि मान्यता के अनुसार वह मंदिर परिसर स्थित तालाब में स्नान करने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
दिनेश को डूबता देख मौके पर मौजूद गांव के चार युवकों ने साहस दिखाते हुए तालाब में छलांग लगा दी। युवकों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए मुरादाबाद के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी अमन सिंह ने दोपहर करीब साढ़े तीन बजे श्रद्धालु की मौत की पुष्टि की। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

पाठक संख्या ....