बहजोई/सम्भल। नीट परीक्षा पेपर लीक, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस एवं अन्य जरूरी वस्तुओं की बढ़ती महंगाई को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचने का प्रयास किया। पुलिस ने कलेक्ट्रेट गेट पर ही कार्यकर्ताओं को रोक लिया, जिससे पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की व तीखी नोकझोंक हुई। बाद में सपा प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर महंगाई पर नियंत्रण की मांग की।
इससे पूर्व सपा कार्यकर्ता चन्दौसी-बबराला रोड स्थित एक रिसॉर्ट पर सैकड़ों की संख्या में एकत्र हुए, जहां बैठक कर नीट पेपर लीक एवं बढ़ती महंगाई को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
ज्ञापन में सपा नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल और दैनिक जरूरत की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों से किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। राज्यसभा सदस्य जावेद अली खान ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स के कारण परिवहन महंगा हो गया है, जिसका असर हर वस्तु की कीमत पर पड़ रहा है। सांसद जिया उर रहमान बर्क और विधायक रामखिलाड़ी यादव ने कहा कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो संसद से लेकर सड़क तक आंदोलन तेज किया जाएगा। सपा नेताओं ने सरकार से तेल पर टैक्स कम करने, जरूरी वस्तुओं पर सब्सिडी बढ़ाने और मूल्य नियंत्रण बोर्ड गठित करने की मांग की।