सम्भल, 27 मई। जनपद में चल रहे तालाब कब्जा मुक्त एवं जल संरक्षण अभियान में लापरवाही बरतने पर जुनावई ब्लॉक की ग्राम पंचायत झुकेरा के ग्राम विकास अधिकारी उमेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त कराने में सहयोग न करने, बिना अवकाश स्वीकृति मुख्यालय से अनुपस्थित रहने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में रुचि न लेने के आरोप पाए गए। समीक्षा में फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा कार्य एवं गौशाला व्यवस्थाओं में भी लापरवाही सामने आई।
मुख्य विकास अधिकारी सम्भल के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी ने 26 मई 2026 को निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच शुरू कर दी है।
इसके साथ ही सभी ग्राम पंचायत सचिवों को चेतावनी दी गई है कि तालाब पुनरुद्धार, जल संचयन और अतिक्रमण हटाओ अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।