चंदौसी में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ युवा व्यापारियों का अनोखा प्रदर्शन - NEWS UP BHARAT

Breaking

Saturday, 4 April 2026

चंदौसी में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ युवा व्यापारियों का अनोखा प्रदर्शन

चंदौसी (सम्भल), 03 अप्रैल 2026। नगर में निजी विद्यालयों की मनमानी के विरोध में अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मण्डल की युवा इकाई के नेतृत्व में युवा व्यापारियों ने शुक्रवार को अनोखा प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ‘अन्नू’ के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में व्यापारियों ने किताबों और कॉपियों को तराजू पर रखकर रुपयों के साथ तौलकर विरोध जताया। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा के नाम पर अभिभावकों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है और आवश्यक शैक्षणिक सामग्री “सोने के भाव” बेची जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों पर महंगी प्राइवेट किताबें, कॉपियां और निर्धारित दुकानों से ही ड्रेस खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। उनका आरोप है कि कुछ विद्यालय अपनी स्वयं की कॉपियां छपवाकर छात्रों को बेच रहे हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ‘अन्नू’ ने कहा कि स्कूल संचालकों और बुक सेलरों की मिलीभगत से कोर्स सामग्री में भारी लूट मची हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रशासन द्वारा कार्रवाई और जुर्माना लगाने के बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ है और 40 से 50 प्रतिशत तक कमीशनखोरी जारी है।
नगर महामंत्री शुभम अग्रवाल ने भी विद्यालयों की इस व्यवस्था को गलत बताते हुए कहा कि इससे अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और स्थानीय व्यापारियों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। युवा व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि इस तरह की मनमानी पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान मयंक वार्ष्णेय ‘चिंकल’, अमित वार्ष्णेय, हर्षित गौड़, अंशुल वार्ष्णेय, गोविन्द वार्ष्णेय, आशीष गुप्ता सहित कई व्यापारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

पाठक संख्या ....