बिलासपुर/जिला रामपुर - सुहागरात पर दुल्हन ने दूल्हे को पीटा, विवाद सुलझाने को हुई पंचायत मे ससुरालियो ने दामाद का सिर फोड़ा - NEWS UP BHARAT

Breaking

Tuesday, 31 March 2026

बिलासपुर/जिला रामपुर - सुहागरात पर दुल्हन ने दूल्हे को पीटा, विवाद सुलझाने को हुई पंचायत मे ससुरालियो ने दामाद का सिर फोड़ा

www.newsindia17.com

जिला रामपुर के बिलासपुर थाना क्षेत्र से प्रकाश मे एक मामले मे हर किसी को हैरान कर दिया है। यहाँ सुहागरात के दिन दुल्हन ने दूल्हे को न केवल छूने से मना किया बल्कि उसकी जमकर पिटाई भी कर दी। विवाद यहीं नहीं थमा, अगले दिन हुई पंचायत में भी दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुर के मोहल्ला लक्ष्मीनगर का निवासी कन्हैया आयु 22 वर्ष बेकरी शॉप चलाता है। कन्हैया का विवाह गत 29 मार्च को उत्तराखंड के किच्छा में आयोजित एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में दौरान  टांडा निवासी युवती के साथ हुआ था। विवाह के बाद कल सोमवार को घर में दावत का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। देर रात मेहमानो के जाने के बाद वर-वधू अपने कमरे में चले गये। कुछ ही देर बाद वर -वधू के कमरे से तोड़फोड़ और चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। परिजनों के दरवाजा खुलवाने पर उन्हें कन्हैया घायल अवस्था में मिला। कन्हैया ने बताया कि पत्नी ने उसे छूने से साफ मना कर दिया और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी।


हंगामा बढ़ने पर रात में ही पुलिस को सूचना दी गई। दूल्हे के भाई शंकर और बहन पूनम ने बताया कि दुल्हन ने पुलिस के सामने भी यह स्वीकार किया कि उसका किसी और के साथ प्रेम प्रसंग है और वह किसी और की होना चाहती है। दुल्हन के इस खुलासे के बाद हड़कंप मच गया और तत्काल उसके परिजनों को सूचित किया गया। 


देर रात हुए इस हंगामे के बाद आज मंगलवार को मामले को निपटने के लिये दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। लिखित समझौते के लिए दोनों पक्ष तहसील पहुंचे थे, लेकिन वहां बातचीत के दौरान एक बार फिर विवाद बढ़ गया और दुल्हन पक्ष के लोगों ने आपा खो दिया। आरोप है कि इस दौरान लड़की वालों ने ईंट मारकर कन्हैया का सिर फोड़ दिया। आनन-फानन में घायल दूल्हे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उसका मेडिकल परीक्षण और उपचार किया गया।


प्रभारी निरीक्षक बिलासपुर जीत सिंह ने बताया कि मामला हमारे संज्ञान में है। पीड़ित पक्ष की ओर से जानकारी मिली है। पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



पाठक संख्या ....